यमुनानगर। गीता कॉलोनी निवासी लवप्रीत को इटली भेजकर वहां नौकरी और पीआर दिलवाने का झांसा देकर ठगों ने उसके पिता जरनैल सिंह से 15 लाख रुपये ठग लिए। आरोप वीना नगर कैंप निवासी मन्नू और हेमन श्योकते पर लगा है। आरोप है कि आरोपियों ने लवप्रीत को इटली के विरोना शहर में बंधक बनाकर रखा।
न तो उसे कोई काम दिलवाया और न ही उसे इटली की पीआर दिलवाई। गांधीनगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गीता कालोनी निवासी जरनैल सिंह ने बताया कि उसका बेटा लवप्रीत विदेश जाना चाहता था। उनके परिवार से एक जानकार इटली हुआ है। उसके माध्यम से उन्हें पता लगा कि वीना नगर कैंप निवासी मन्नू व हेमन श्योकते लोगों को विदेश भिजवाने, वहां की पीआर दिलाने और नौकरी लगवाने का कार्य करते हैं। दिसंबर 2022 में वह आरोपियों से मिला और बेटे को विदेश भिजवाने के बारे में बात की।
आरोपियों ने उसके बेटे को इटली भिजवाने के नाम पर 11 लाख रुपये की मांग की। आश्वासन दिया कि वहां पर उसे नौकरी व पीआर दिलवाएंगे। आरोपियों ने फाइल तैयार कराने व अन्य खर्च बता अलग-अलग आठ लाख 80 हजार रुपये ले लिए। आठ दिसंबर 2023 को आरोपियों ने बेटे लवप्रीत को इटली भिजवाया।
बेटा फिलहाल विरोना शहर में है। कुछ दिन बाद बेटे का फोन आया। उसने बताया कि आरोपी मन्नू भी यहां पर उसके साथ आया है। उसका गिरोह है। वह उसे परेशान कर रहे हैं। अभी तक उसे कोई काम भी नहीं दिलवाया। आरोपी ने उसे एक कमरे में अवैध रूप से रखा हुआ है। इसी तरह से 20-25 युवकों को भी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर यहां पर लेकर आए हैं।
आरोपियों ने उसका पासपोर्ट भी छीन लिया है। उन्हें धमकी दी जा रही है कि वह उसे पुलिस के हवाले कर देंगे। बाद में आरोपियों ने पीआर के लिए आठ लाख रुपये की और मांग की। जिस पर उन्हें किसी तरह से सात लाख रुपये का इंतजाम करके आरोपियों को दिए। इसके बाद भी बेटे की कोई मदद इटली में नहीं हुई।
लगभग छह-सात माह तक बेटा वहीं पर रहा। बाद में किसी तरह से वह वहां से वापस आया और उन्हें आपबीती सुनाई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। गांधी नगर थाना प्रभारी महरूफ अली का कहना है कि दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी और इमीग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।