आइये देखिए अतीत के दुर्लभ दस्तावेज, आज आखिरी मौका
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। गुरु नानक खालसा कॉलेज में दुर्लभ दस्तावेजों और फोटोग्राफ की दो दिवसीय प्रदर्शनी की बुधवार को शुरुआत हुई। अभिलेखागार विभाग हरियाणा की ओर से स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनदीप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि, युवाओं को गौरवशाली इतिहास की जानकारी देना जरूरी है। भूतकाल के ज्ञान से वर्तमान संवरता है। इसलिए हमें इन घटनाओं और ऐतिहासिक दस्तावेजों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाना चाहिए। अभिलेखागार विभाग हरियाणा के अभिलेखपाल अनिल कुमार ने बताया कि, 13 जुलाई तक चलने वाली प्रदर्शनी में 10 मई 1857 को अम्बाला से स्वतंत्रता संग्राम जानकारी देता टेलीग्राम, अंतिम मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर के गहनों की सूची आदि प्रदर्शित किया जा रहा है। इस मौके पर डॉ. अनुराग, पत्रकारिता एवं जन संचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. उदयभान सिंह, समाज शास्त्र के डॉ. हेमंत मिश्रा, वाणिज्य विभाग के डॉ. सजय अरोड़ा, लोक प्रशासन विभाग की डॉ. मीनू कपूर व डॉ. इकबाल, सूचना एवं जन संपर्क विभाग से संदीप बतरा आदि रहे।