28 प्रतिशत जीएसटी के विरोध में प्लाइवुड इंडस्ट्री में चार दिन की सांकेतिक हड़ताल
यमुनानगर। प्लाईवुड पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगाने के विरोध में जिले की प्लाइवुड फैक्ट्रियां 14 जुलाई से चार दिन बंद रहेंगी। इस दौरान फैक्ट्रियों में उत्पादन पूरी तरह बंद रहेगा। प्लाइवुड एसोसिएशन जीएसटी 28 से घटाकर 18 प्रतिशत करने और मंडी फीस हटाने की मांग कर रही है।
हरियाणा प्लाइवुड मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अजय मानिकटाला ने बताया कि 14 जुलाई से हमारी सांकेतिक हड़ताल है। इस दौरान जिले की करीब 360 प्लाइवुड फैक्ट्रियों में उत्पादन नहीं होगा। 17 जुलाई को प्लाइवुड निर्माताओं की बैठक होगी, जिसमें अगली रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब देश में एक टैक्स लागू हो गया है तो मंडी फीस का कोई औचित्य नहीं है। पूरे देश में केवल हरियाणा व यूपी में ही मंडी फीस लगती है। यूपी में उप मुख्यमंत्री ने मंडी फीस हटाने का भरोसा दिया है। ऐसे में हरियाणा में भी इसे हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले की प्लाइवुड इंडस्ट्री से सरकार को सालाना 120 करोड़ रुपये टैक्स जाता है। इसके बावजूद इस उद्योग पर भारी भरकम टैक्स थोप दिया गया है।