संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की दाखिला प्रक्रिया की ओपन काउंसिलिंग चरण का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। नोडल आईटीआई में कुल 198 विद्यार्थियों ने एडमिट कार्ड जमा करवाए। इस दौरान 198 में से 140 विद्यार्थियों को दाखिला दिया गया।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से चौथा ऑनलाइन चरण रद्द कर दिया गया है। इसके साथ विभाग ने रिक्त सीटें भरने के लिए ओपन काउंसिलिंग शुरू कर दी है। ओपन काउंसिलिंग का संस्थानों को लाभ भी हो रहा है। चूंकि ऑनलाइन चरण की प्रक्रिया के दौरान ज्यादा सीटें नहीं भर पा रही थीं। हर वरीयता सूची में सीटें रिक्त रह रही थीं।
वहीं ओपन काउंसिलिंग में ज्यादा दाखिले हो रहे हैं। प्रक्रिया के पहले दिन कुल 299 विद्यार्थियों ने दाखिला लेने के लिए अपने मेरिट कार्ड जमा करवाए थे। पहले दिन की प्रक्रिया देर शाम तक चली और 266 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया, जबकि 33 विद्यार्थियों को पसंद की ट्रेड न मिलने के कारण उन्होंने दाखिला नहीं लिया।
वहीं मंगलवार 198 विद्यार्थियों ने अपने मेरिट कार्ड जमा करवाए। इस दौरान 140 विद्यार्थियों को दाखिला दिया गया। विभाग के नियमों के अनुसार ओपन काउंसिलिंग की प्रक्रिया के दौरान एडमिट कार्ड जमा करवाने वाले दिन ही दाखिला किया जा सकता है। अगले दिन विद्यार्थी को दोबारा से आवेदन करना पड़ता है।
ऐसे में नोडल आईटीआई में रात करीब साढ़े आठ बजे तक प्रक्रिया जारी रही। दोपहर दो से शाम छह बजे तक 198 में से 140 को दाखिला दिया गया। विभाग के निर्देशों के अनुसार सीटें भरने तक ओपन काउंसिलिंग जारी रहेगी। शेड्यूल के अनुसार हर दिन दोपहर 12 बजे तक विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड जमा किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे मैन्युअल वरीयता सूची जारी की जाएगी।
प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं 44 सीटें
नोडल आईटीआई में कुल 1,348 सीटें हैं। परंतु इस बार ट्रेड व सीटों की मैपिंग चल रही है। ऐसे में नोडल आईटीआई की 44 सीटें अभी प्रक्रिया से बाहर हैं। इससे अभी 1,304 सीटें भरने की प्रक्रिया चल रही है। मैपिंग के बाद यह 44 सीटें भी ओपन काउंसिलिंग में शामिल की जाएंगी। फिलहाल नोडल आईटीआई की रिक्त सीटों की संख्या करीब 137 रह गई है। इन सीटों के लिए बुधवार को प्रक्रिया चलाई जाएगी।
ओपन काउंसिलिंग के पहले दिन 299 में से 266 विद्यार्थियों को दाखिला दिया गया। दूसरे दिन 198 ने मेरिट कार्ड जमा करवाए हैं। इसमें से 140 को देर शाम तक समिति सदस्यों ने दाखिला दिया। यह प्रक्रिया बुधवार को जारी रहेगी। - भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।