यमुनानगर। जिले में कोरोना जांच धीमी गति से चल रही है, इसलिए संक्रमितों की संख्या अभी आबादी के अनुसार नहीं है। अभी तक जिले की 13 लाख से अधिक आबादी वाले ट्विनसिटी में स्वास्थ्य विभाग ने 5346 लोगों के सैंपल लिए हैं। वहीं आशा वर्करों द्वारा जिले में छह लाख 17 हजार 509 लोगों की स्क्रीनिंग का दावा किया जा रहा है। वहीं रैंडमली सैपलिंग भी आशा वर्करों द्वारा कम ही कराई गई है। यदि जिले में ज्यादा सैंपल लिए जाएं तो कोरोना की स्थिति काफी गंभीर मिल सकती है। अब तक जिले में 78 पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 4980 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। राहत की बात यह है कि अधिकतर लोग ठीक होकर अपने घर लौट रहे हैं।
अनलॉक-1 में बढ़ी पॉजिटिव मरीजों की संख्या
एक जून को ट्विनसिटी में बाहरी राज्यों से भी लोगों का आवागमन शुरू हुआ। जिस कारण मरीजों की संख्या में रोजाना इजाफा होना शुरू हो गया। कई लोग बाहरी राज्यों खासकर दिल्ली से होकर आए, तो कोई गुरूग्राम से। ज्यादातर इनके संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं एक कोरोना पॉजिटिव मरीज ने अंबाला के मुलाना मेडिकल कॉलेज में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
ज्यादातर को नहीं कोई लक्षण
व्यवसायिक संस्थानों के खुलने के अलावा व्यापारियों के अलावा डोर-टू-डोर सामान पहुंचाने वाले डिलीवरी ब्वाय, गैस सिलेंडर हॉकर भी शारीरिक दूरी का नियम तोड़कर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। यदि ज्यादा बड़ी संख्या में कोरोना की जांच की जाए तो पॉजिटिव केस बढ़ने की संभावना अधिक होगी। क्योंकि अधिकतर लोगों को ना तो कोई लक्षण हैं और ना ही किसी तरह की तकलीफ। मजबूत इम्यूनिटी सिस्टम की वजह से यदि थोड़ा बहुत कोई संक्रमित भी है, तो वह खुद ही ठीक भी हो सकता है।
लगातार आशा वर्करों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। किसी में कोरोना के कोई लक्षण मिलते हैं तो उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाता है। अभी सैंपलों की प्रक्रिया और तेज कर दी है।
डॉ. विजय दहिया, सीएमओ यमुनानगर
स्क्रीनिंग रिपोर्ट
प्रथम राउंड के सर्वे 2,06060
द्वितिय राउंड के सर्वे 2,05901
तृतीय राउंड के सर्वे 2,05548
कुल टोटल 6,17,509