गांव सरांवा में बाइक सवार अज्ञात युवक ने छोटे नोटों के बदले बड़े नोट लेने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11 हजार की ठगी की है। पुलिस ने प्रेमचंद्र की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरु की है। प्रेमचंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार को वह बस से उतर कर अपने घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार एक अज्ञात युवक ने उसे रोका।
मुंह पर कपड़ा बांधे उस युवक ने प्रेमचंद्र को बताया कि उसके पास खुले पैसे हैं लेकिन सुबह पूजा के लिए उसे पंडित को 500 के नोट देने हैं। इसलिए वह उससे छोटे नोट लेकर बड़े नोट दे दे। उसकी बातों में उलझ कर प्रेमचंद्र अपनी जेब से 11 हजार निकाल कर गिनने लगा तो उस युवक ने नोट जल्दी गिनने की बात कहकर प्रेमचंद्र से सारे नोट ले लिए। इसी दौरान वह प्रेमचंद्र को चकमा देकर बाइक पर फरार हो गया। एसएचओ मेम सिंह ने बताया कि प्रेमचंद्र की शिकायत पर मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। बता दें कि मार्च 2021 में भी महावीर कॉलोनी के अंशुल बख्शी ने अलग-अलग मामलों में कस्बा के आठ लोगों को इसी तरह झांसा देकर उनसे रकम ऐंठी थी। अंशुल को तब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।