संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली के अवसर पर आल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की तरफ से रिटायर्ड साथियों के लिए मेडिकल बीमा सहायता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर श्री गणेश कंसल्टेंसी सेक्टर-17 में लगाया गया, जिसके मुख्य अतिथि समाजसेवी नरेंद्र पुरी रहे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने बताया कि यह शिविर आईबीए समूह मेडिकल बीमा योजना के अंतर्गत रिटायर्ड बैंक कर्मियों की सहायता के लिए आयोजित किया गया। चेयरमैन विनोद तनेजा ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक और आईबीए के करार के तहत हर वर्ष रिटायर्ड साथियों का मेडिकल बीमा किया जाता है। शिविर में सभी सदस्यों के फार्म भरकर बैंक के सिस्टम में दर्ज भी करवाए गए।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य सेवाएं अत्यंत महंगी हो गई हैं, इसलिए यह बीमा योजना रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए बहुत सहायक सिद्ध होगी। नरेंद्र पुरी ने कहा कि एसोसिएशन जो कार्य कर रही है, वह अनुकरणीय है। उनका उद्देश्य केवल एक है कि किसी भी रिटायर्ड साथी को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
एसोसिएशन के सर्कल सचिव एसपी कांबोज, वाइस प्रेसिडेंट अनिल पराशर, एग्जीक्यूटिव सदस्य चंद्रमणि भाटिया और एमपी कालरा के सहयोग से 107 रिटायर्ड साथियों के फॉर्म भरवाए गए। एसोसिएशन के केंद्रीय संगठन सचिव आरके वोहरा ने पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर विकास शर्मा का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बैंक में अत्यधिक भीड़ के बावजूद सभी फॉर्म समय पर सिस्टम में दर्ज करवाने में सहयोग दिया।