संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सिंगापुर भेजने का झांसा देकर गांव सारण निवासी गौरव से 1.05 लाख रुपये हड़प लिए। गौरव ने इसकी शिकायत थाना छप्पर पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सारण गांव निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इस दौरान उसे पता चला कि जसमीत सिंह बाजवा लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। अगस्त माह में वह जसमीत से मिला।
जसमीत ने उसे सिंगापुर भेजने का आश्वासन दिया और कहा कि वह सिंगापुर जाकर अच्छा पैसा कमा सकता है। जसमीत की बातों में आकर उसे सिंगापुर भेजने के नाम पर 1.05 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी जसमीत ने सिंगापुर नहीं भेजा। जब जसमीत से बात की गई तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। तब जसमीत से अपने दिए रुपये वापस मांगे, पर उसने रुपये देने से इंकार कर दिया। तब परेशान होकर उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
जांच अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि उन्होंने गौरव की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।