चोरों ने मोतीबाग कॉलोनी में स्थित एक घर के गेट और दो कमरों के ताले तोड़ 10 हजार रुपये और 70 हजार के गहने चोरी कर लिए। चोरी के समय परिवार अपने पैतृक गांव यूपी के रायपुर में गया हुआ था। लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात चोरों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर क्षेत्र की मोतीबाग कॉलोनी निवासी सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेंट का काम करता है। दो जून को वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव यूपी के रायपुर गए हुए थे। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह घर पहुंचा तो गेट व दोनों कमरों के ताले टूटे हुए मिले। कमरों के अंदर सामान बिखरा हुआ और अलमारी खुली हुईं थी। जांच करने पर घर से 10 हजार रुपये, पत्नी का मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब, चार चुटकियां व अन्य सामान गायब मिला। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
इनसर्ट
दुकान से हजारों रुपये का सामान चोरी
यमुनानगर। लेबर कॉलोनी निवासी अमरीक सिंह ने बताया कि उसने घर के पास ही मोटर रिपेयर की दुकान कर रखी है। रविवार दोपहर करीब ढाई बजे वह दुकान का ताला लगाकर घर पर खाना खाने के लिए गए थे। एक घंटे बाद जब वह दुकान पर वापस आया तो उसकी दुकान का ताला टूटा हुआ था। उसने सामान की जांच की तो वहां से एक मोटर स्टार्टर 15 एचपी व अन्य सामान गायब था। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जांच अधिकारी महरूफ अली का कहना है कि मामले में अज्ञात पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
इनसर्ट
छह ट्यूबवेलों से बिजली के तार चोरी, दो युवक पकड़े
छछरौली। क्षेत्र के गांव कोट मुस्तरका में केबल चोर गिरोह ने छह ट्यूबवेलों के बिजली के तार चोरी कर लिए। किसानों ने तार चोरी करने के दो आरोपी युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाकवाला निवासी किरणपाल ने बताया कि उसकी जमीन कोट मुस्तरका में है। रविवार को जब वह अपने खेत में लगे ट्यूबवेल पर गया तो उसने देखा कि ट्यूबवेल के कमरे में लगी मोटर के तार काटे हुए थे। हजारों रुपये का बिजली का तार गायब था। उसके अलावा फकीर माजरा निवासी ओम जगदीश, डारपुर निवासी गुरमेज, कोट मुस्तरका निवासी ज्ञान सिंह, राजबीर सिंह, राजेश कुमार व हनीफ के ट्यूबवेल की मोटर के तार भी चोरी थी। अपने स्तर पर जब उन्होंने जांच की तो उन्हें पता चला कि ट्यूबवेलों से कोट बसावा निवासी योगेश व रोहित ने तार काट कर चोरी किए है। दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।