यमुनानगर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 179 लाभार्थियों को एक करोड़ 73 लाख रुपये की राशि जारी की है। इनमें 80 लाभार्थियों को पहली किस्त व 99 को दूसरी किस्त की राशि जारी गई है। पहली किस्त के रूप में 80 लाभार्थियों के खाते में 75.60 लाख रुपये और दूसरी किस्त के रूप में 99 लाभार्थियों के खाते में 97.40 लाख रुपये जमा कराए गए है।
मेयर मदन चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत जरूरतमंद परिवार को मकान बनाने के लिए ढाई लाख रुपये की राशि तीन किस्तों में उपलब्ध कराई जाती है। योजना के तहत लाभार्थी को एक लाख की पहली किस्त मकान की नींव रखे जाने के बाद, एक लाख की दूसरी किस्त मकान की दीवारें लेंटर तक पहुंचने पर लेंटर डालने के लिए और 50 हजार रुपये की तीसरी किस्त लेंटर डाले जाने के बाद दी जाती है। इसके अलावा मरम्मत के लिए 60-60 हजार रुपये की किस्त दी जाती है।
1954 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र जारी
नगर निगम एरिया में इसी योजना के तहत अब तक कुल 1954 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र जारी किए गए है। जिसके चलते वे अपना पक्का मकान बना रहे है। अब 80 लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त के रूप कुल 75.60 लाख रुपये और 99 लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में 97.40 लाख रुपये जमा कराए गए है। इनमें से 15 लाभार्थियों को 60-60 हजार रुपये और बाकी को एक-एक लाख रुपये की राशि उनके खातों में जमा कराई गई है।
अब तक 1671 को पहली और 1393 को दूसरी किस्त जारी
मेयर मदन चौहान ने बताया कि योजना के तहत साल 2017 में नगर निगम एरिया से 4,375 लोगों की सूची आई थी। जांच के दौरान कुछ आवेदन विभिन्न कारण के चलते अस्वीकार कर दिए गए थे। बाकी को योजना का लाभ दिया जा रहा है। अब तक 1954 को मकान बनाने के लिए लेटर जारी कर चुके है। इनमें से 1671 को पहली, 1393 को दूसरी व 753 को तीसरी किस्त जारी की जा चुकी है। अब 80 को पहली और 99 को दूसरी किस्त जारी की गई है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने वाले लाभार्थी सरकार की तरफ से जारी राशि का इस्तेमाल केवल मकान बनाने में ही करें अन्य किसी कार्य में इस राशि का इस्तेमाल किया तो अगली किस्त जारी नहीं की जाएगी।