कादीपुर स्कूल परिसर में शनिवार को नवविवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान हो गई है। पुलिस ने मृतक की बहन के बयान पर बहनोई के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी सिटी नरेन्द्र काद्यान का कहना है कि पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। लेकिन हत्या से जुड़े कुछ सवालों के जवाब अभी अधूरे हैं। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
नूरगढ़ पटौदी का रहने वाला राजू मेडिसिटी हॉस्पिटल में वार्ड ब्वॉय है। वह अपने परिवार के साथ लक्ष्मी गार्डेन कॉलोनी में किराए पर रहता था। 9 माह पहले ही यूपी की रहने वाली पूजा (21) पुत्री राजपाल के साथ उसका विवाह हुआ था।
उसकी पत्नी आंगनबाड़ी में सहायिका के पद पर काम करती है। आरोप है कि शुक्रवार शाम को पैसा देने से मना करने पर राजू ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
इसके बाद रात नौ बजे पटौदी रोड पुलिस चौकी को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। शनिवार को दोपहर में सेक्टर-10 क्षेत्र से शव मिलने के बाद महिला की पहचान हुई। पुलिस ने मृतका की बहन संतोष के बयान पर पति राजू के खिलाफ हत्या व सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया है।