हरियाणा के पंचकूला में 21 साल पहले एक शादी हुई, लेकिन महज दो साल में ही पति-पत्नी के रिश्ते में ऐसी खटास आई कि तलाक लेना पड़ गया। इसके बाद भी न तो पति ने शादी की और न ही पत्नी ने।
अब 19 साल बाद महिला ने अचानक डीसीपी आफिस में अपने पूर्व पति के खिलाफ शिकायत देकर दहेज में दिया गया सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
क्राइम अंगेस्ट वुमन सेल (सीएडब्ल्यू) में जांच के लिए यह शिकायत आते ही सभी हक्के-बक्के रह गए कि आखिर तलाक के 19 साल बाद ऐसी शिकायत क्यों आई है? बहरहाल, वुमन सेल ने बुजुर्ग हो चुकी महिला और उनके पूर्व पति को आमने-आमने बैठाकर पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है।
मुझे तो बस सामान चाहिए
सीएडब्ल्यू सेल के मुताबिक, पंचकूला सेक्टर-चार निवासी एक महिला की कुरुक्षेत्र के युवक से करीब 21 साल पहले शादी हुई थी और दो साल में ही तलाक हो गया। महिला वापस पंचकूला आकर रहने लगी और दोबारा शादी भी नहीं की।
वहीं, पति भी अपनी दुकान के काम में मशगूल हो गए और शादी नहीं की। कुछ दिनों पहले महिला ने शिकायत देकर दहेज का सामान वापस दिलाने की मांग की।
सेल में महिला को बुलाकर जब जांच अधिकारी ने पूछा कि तलाक के इतने साल बाद सामान वापसी की मांग क्यों की तो जवाब मिला-मुझे तो सामान चाहिए, बस।
मेरा सामान नया था, नया लाकर दो
चूंकि शिकायत पर जांच जरूरी थी, लिहाजा महिला के पूर्व पति को भी जांच के लिए तलब किया गया। अब वह बुजुर्ग हो चुके हैं और बीमार भी हैं।
महिला ने जांच के दौरान कहा कि मुझे फ्रिज, सूट और साड़ियों सहित अन्य सामान दिलाया जाए। इस पर पूर्व पति ने जवाब दिया कि घर पर उनका जो भी सामान पड़ा है, वह ले जा सकती हैं।
इस बात पर महिला अटक गईं और कुछ देर बाद कहा कि मेरा नया सामान था और नया ही चाहिए। पति ने दलील दी कि वह बीमार रहते हैं और दवा खरीदने में भी दिक्कत हो रही है तो नया सामान कहां से लाकर दें?
पूर्व पत्नी से पूछा- कैसी हो तुम
सूत्रों के मुताबिक, 19 साल पहले अलग हो चुके पति-पत्नी जब सेल में एक-दूसरे से मिले तो पूर्व पति ने सबसे पहले यही सवाल किया, कैसी हो तुम? तबीयत कैसी है?
महिला ने कहा- सब ठीक है। इसके बाद शिकायत पर जांच शुरू हुई। फिलहाल यह मामला विचाराधीन है।
ऐसी शिकायत आई थी। फिलहाल कोई नतीजा नहीं निकल सका है। दोनों पक्षों को समझाकर नतीजा निकालने की कोशिश की जाएगी।- इंस्पेक्टर मनजीत कौर, इंचार्ज, सीएडब्ल्यू सेल, पंचकूला