हरियाणा में शहर थाना पुलिस ने बड़ा बीड़ वन पुलिया पर वाहनों को लूटने की योजना बना रहे तीन युवकों को काबू किया है। पुलिस ने पकड़े गए युवकों के कब्जे से दो बाइक, दो पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक लाठी बरामद की है।
पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ लूट की योजना बनाने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
रोहतक रोड पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि कुछ बाइक सवार युवक बड़ा बीड़ वन पुलिया के पास आने जाने वाले वाहनों को लूटने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने बड़ा बीड़ वन हांसी रोड पर छापेमारी की और बताए गए स्थान को घेर कर तीन युवकों को काबू कर लिया।
युवकों की तलाशी लिए जाने पर उनके कब्जे से दो बाइक, दो पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक लाठी बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान गांव शामलों कलां निवासी सुमित, मंजीत उर्फ टूंडा और गांव निडाना निवासी मोहन उर्फ मोनू के रुप में हुई।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ लूट की योजना बनाने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि तीनों युवक वाहनों को लूटने की योजना बना रहे थे।