हरियाणा के जिले कैथल के शहर कलायत में छेड़छाड़ से परेशान नाबालिग के खुद को आग लगाकर खुदकुशी किए जाने के मामले में संज्ञान लेते हुए अनुसूचित जाति आयोग के डायरेक्टर राजकुमार छाननिया सोमवार को कलायत पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले।
आयोग के अधिकारियों ने छात्रा के पिता से मामले की पूरी जानकारी हासिल कर उन्हें न्याय दिलवाने और आर्थिक सहायता दिलवाने की बात कही।
कलायत में रविवार को दो लड़कों की छेड़छाड़ से तंग आकर एक किशोरी ने आत्मदाह कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
निदेशक राजकुमार ने कलायत में बताया कि मृतका के परिजन पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आयोग पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का भी प्रयास करेगा।
मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि मामले में संलिप्त दो युवकों में से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है व दूसरे युवक की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी अध्यक्षता में दो टीमों का गठन कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले में फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षा का वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए जिला पुलिस द्वारा स्कूल कालेजों में बाक्स रखवाए गए हैं।
छात्राओं को सुरक्षा देने के लिए जिला में स्कूल व कालेजों के मुख्य द्वार पर पुलिस की उपस्थिति तय की जा रही है जो असामाजिक तत्वों पर अपनी पैनी नजर रखेंगे।
मृतका के पिता ने सुनाई आयोग को व्यथा
बेटी को आग से बचाने में झुलसे मृतका के पिता जोगेंद्र सिंह ने आयोग के सामने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि दोनों युवक विक्रम व अमित न केवल उनकी बेटी बल्कि इस रास्ते से गुजरने वाली अन्य छात्राओं को भी लगातार तंग करते थे। उनकी बेटी दोनों युवकों के लगातार छेड़छाड़ करने के कारण परेशान थी।
उन्होंने कहा कि घटना से पांच दिन पूर्व उन्होंने दोनों युवकों के परिजनों को मामले की जानकारी देकर युवकों पर लगाम कसने की बात कही मगर लड़कों ने परिजनों ने उन्हें ही डांटते हुए कहा कि अपनी बेटी को स्कूल से हटा कर घर बैठा लो।
महिलाओं ने लगाई सुरक्षा की गुहार
आयोग के निदेशक व पुलिस अधीक्षक के सामने बस्ती की महिलाओं ने गुहार लगाई कि वे लोग अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर काफी परेशान हैं।
कुछ असामाजिक युवक गलियों में घूम कर लड़कियों व महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसते हैं जो अमर्यादित हैं और उनके लिए भारी समस्या पैदा करने वाली बात है।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को तत्काल ही निर्देश दिए कि स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में लिया जाए व मनचलों को सलाखों के पीछे करने में कोताही न बरतें। महिलाओं को आश्वस्त किया कि वे बेखौफ रहें और जब भी कोई ऐसी बात सामने आए उसकी तत्काल थाने में सूचना दें व महिला हेल्पलाइन 1091 पर भी शिकायत दें।