उपमंडल मुख्यालय पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लेने आईं छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने और रोकने पर पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट व बदसलूकी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। थाना पुलिस हथीन ने विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना पुलिस हथीन से मिली जानकारी के अनुसार, हथीन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में देश का 65वां गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जा रहा था। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने आईं छात्राओं के साथ कुछ युवक छेड़छाड़ करते हुए हुड़दंग मचा रहे थे। कार्यक्रम में मौजूद एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने हुड़दंग मचाने वाले युवकों को शांत करने के लिए पुलिस को भेजा।
एसडीएम के आदेश पर गई पुलिस ने जब उन्हें मना किया तो वे पुलिस के साथ अभद्रता करने लगे। उनमें से एक हथीन वार्ड नंबर पांच निवासी बलबीर ने राजकुमार नामक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई करते हुए उसकी वर्दी तक फाड़ दी। मौके पर पर गए अन्य पुलिस कर्मियों ने बलबीर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बलबीर के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।