सूरजकुंड मेले का शनिवार से आगाज हो रहा है। साइबर सिटी से रोजाना हजारों लोग इस मेले में जाते हैं। इन सभी को अब टिकट के लिए मेला परिसर में धक्का-मुक्की नहीं करनी होगी। गुड़गांव में सूरजकुंड मेले के टिकटों की बिक्री दो स्थानों पर शुक्रवार शाम से आरंभ हो गई है।
पहले लोगों को मेला परिसर से ही टिकट प्राप्त करना होता था। वहां लंबी-लंबी कतारें लगती हैं। अब यह समस्या नहीं रहेगी। सूरजकुंड मेले का टिकट हरियाणा टूरिज्म के शमा कांप्लेक्स और दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस-वे स्थित एंबियंस मॉल में उपलब्ध है।
इन दोनों स्थानों पर मैनुअल टिकट मिल रहे हैं। शमा टूरिज्म कांप्लेक्स में मेले की ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी हो रही है। यहां के इंचार्ज एसएन यादव ने बताया कि मेले को लेकर गुड़गांव वालों में काफी क्रेज रहता है। इसी वजह से टिकटों की बिक्री का निर्णय लिया गया है। इसका मकसद टूरिज्म को बढ़ावा देना और लोगों की परेशानी को कम करना है।
एंबियंस मॉल में सूरजकुंड मेले के टिकटों की बिक्री के लिए एक विशेष काउंटर बनाया गया है। इस काउंटर पर सुबह 11 से देर शाम तक मेले की टिकटें मिलेंगी। कोई भी व्यक्ति यह टिकट 70 रुपये में प्राप्त कर सकता है।
विकलांगों और वरिष्ठ नागरिकों को यह टिकट 35 रुपये में मिलेगा। वहीं पांच वर्ष से कम बच्चों की मेले में फ्री-एंट्री है। ऑनलाइन बुकिंग कराने वालों को प्रति टिकट 10 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जाएगा।