फोटो 13- सोनीपत के ब्रह्म नगर निवासी अजय पांचाल अपनी टीम के साथ प्रयागराज में पॉलिथीन मुक्त अभि
सोनीपत। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु संगम घाट पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। वहीं कुछ विरले ऐसे भी हैं जो गंगा में स्नान करने के साथ ही घाट पर स्वच्छता का संदेश देते हुए पॉलिथीन मुक्त अभियान चला रहे हैं। सोनीपत के यह युवा घाट पर फैली पॉलिथीन को न सिर्फ इकट्ठा कर रहे हैं, बल्कि गंगा स्नान को पहुंचे श्रद्धालुओं को पॉलिथीन से होने वाले नुकसान से अवगत कराते हुए इसका प्रयोग न करने के लिए प्रेरित करते हुए स्वच्छता की अलख जगा रहे हैं।सोनीपत के ब्रह्म नगर निवासी अजय पांचाल ने बताया कि वह 25 जनवरी को अपनी टीम अजय, मनीष, निशांत, सन्नी, पंकज व ईशांत के साथ प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेले में पहुंचे थे। जहां करोड़ों लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि लोग यहां गंगा मैय्या में स्नान कर श्रद्धा से पूजा अर्चना कर रहे हैं, लेकिन स्वच्छता की तरफ से अधिकतर का ध्यान नहीं है। साथ ले जा रहे पॉलिथीन प्रयोग के बाद घाट पर ही फेंक रहे हैं। उनकी टीम ने महाकुंभ मेले से अपना पॉलिथीन मुक्त अभियान का शुभारंभ किया। वह दो दिन मेले में रहे। इस दौरान लोगों को पॉलिथीन से होने वाली हानियों से अवगत कराते हुए इसका प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया।
50 लाख पॉलिथीन इकट्ठा करने का लक्ष्य, बांटे कपड़े के बैग
अजय पांचाल ने बताया कि महाकुंभ मेले से अभियान की शुरुआत कर टीम ने 50 लाख पॉलिथीन इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा है। इसे पूरा करने के लिए वह सोनीपत शहर में भी इस अभियान जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि महाकुंभ मेले में उनकी टीम ने लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करते हुए एक हजार कपड़े के बैग भी निशुल्क वितरित किए। उन्होंने कहा कि सोनीपत शहर को स्वच्छ बनाने के लिए यह अभियान जारी रखेंगे।
ऐसे मिली प्रेरणा
अजय बताते हैं कि वह सोनीपत में रेलवे स्टेशन के पीछे से गुजरते थे। इस दौरान पटरियों के साथ ही गंदगी के ढेर लगे रहते थे। इनमें पॉलिथीन भी बड़ी संख्या में होते थे। इस कचरे में गोवंश मुंह मारते रहते थे। पॉलिथीन के सेवन से उन्होंने कई गोवंशों की मौत होती देखी, जिससे मन बेहद दुखी हुआ। उसके बाद उन्होंने पॉलिथीन से होने वाली हानियों के बारे में लोगो को जागरूक करने फैसला किया और महाकुंभ से अभियान की शुरुआत की।