तितावी (मुजफ्फरनगर)। तितावी में अंडरपास के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसके दो साथी हादसे के बाद फरार हो गए। पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार शाम के समय तीन युवक मुजफ्फरनगर से तितावी की तरफ आ रहे थे। अंडरपास के पास पीछे से अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिर गए। एक युवक सिर सड़क में लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल युवक ने अपना नाम हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव सनतेड़ा निवासी नितिन बताया। उसने अपने घर का मोबाइल नंबर बताया तो पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी, लेकिन अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत हो गई। थाना प्रभारी जोगेंद्र सिंह का कहना है कि मृतक के परिजन आ गए हैं, उन्होंने अभी तहरीर नहीं दी है।