खरखौदा । गांव छिन्नौली में युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के पिता ने गांव के चार लोगों पर उसकी पिटाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके बेटे को मारने की धमकी मिली थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव छिन्नौली निवासी किसान रणबीर ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे मोहित ने उन्हें बताया था कि गांव के ही सन्नी, रोहित, मोहित कुमार व जगबीर ने उनके साथ कुछ दिन पहले मारपीट की थी। इसके बाद 10 अक्तूबर को एक बार फिर से सन्नी व मोहित कुमार ने उसे पीटा था। जिस पर मोहित की मां ने मामले की शिकायत 112 पर कॉल कर की थी, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई। सन्नी, रोहित, मोहित कुमार व जगबीर ने मोहित को जान से मारने की धमकी दी, जिससे मोहित मानसिक रूप से दबाव में था और इसी के चलते उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।