नारनौल। नांगल चौधरी रोड पर गांव मांदी के पास बाइक फिसल जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। फिलहाल घायल का नारनौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं शव को पैतृक गांव ले जाया गया है।
मूल रूप एमपी के गुना जिले के रहने वाले रामभज (32) और विनोद (30) शहर के निजामपुर रोड स्थित झुग्गी में कई सालों से रह रहे हैं। यहां पर भवन निर्माण के ठेके लेते हैं। इसी से वे परिवार का भरण पोषण करते हैं। वीरवार सुबह दोनों बाइक से नांगल चौधरी क्षेत्र में चल रहे काम पर गए थे।
शाम करीब साढ़े 6 बजे झुग्गी की ओर लौटते समय गांव मांदी के पास अचानक बाइक फिसल गई। बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने रामभज को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनोद का उपचार जारी है।