सोनीपत। शहर के सब्जी मंडी क्षेत्र में अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ रह रहे युवक ने उनकी प्रताडऩा से तंग आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक के पिता के बयान पर पुलिस ने युवक की पत्नी, सास व दो सालों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पानीपत के सनौली खुर्द के रहने वाले रहीशू ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उसने अपने बेटे तैयब की शादी यूपी के बागपत के गांव कुताना की रहने वाली आयशा के साथ की थी। आठ-नौ माह पहले हुई शादी के बाद से ही उसकी पत्नी उसके बेटे को तंग करने लगी। वह उससे झगड़ा कर अपने मायके वालों के पास काम करने को मजबूर करने लगी। उसके मायके वाले सोनीपत सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करते है। उसकी पुत्रवधु उसके बेटे को तंग कर उसे अपने साथ सोनीपत ले आई। बाद में वह उसके बेटे को अपने भाईयों के पास छोडक़र अपने पैतृक गांव कुताना चली गई। उसका बेटा उन्हें फोन कर बताता था कि उसे बहुत परेशान किया जा रहा है। वह यहां नहीं रहना चाहता। उसकी सास सायरा, पत्नी आयशा, साला इमरान व इरफान उसे परेशान कर रहे हैं। वह कहता था कि उसे यहां से ले जाओ। जिस पर उन्होंने कई बार उसके ससुराल पक्ष को समझाया, लेकिन उनकी प्रताडऩा कम नहीं हुई। रहीशू ने बताया कि सोमवार को उसके बेटे ने फोन कर कहा कि उसके मरने के बाद ही उसे उठा ले जाना। उसके कुछ देर बाद सूचना मिली कि तैयब ने जहर खा लिया है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में पता लगा कि उसकी मौत हो गई। जिस पर वह सोनीपत पहुंचे। रहीशू ने आरोप लगाया कि उसके बेटे ने अपने साले इमरान व इरफान, सास सायरा, पत्नी आयशा के तंग व परेशान करने से जहर खाया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।