संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर स्पीड ट्रायल के दौरान हाइड्रोजन ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने आत्महत्या कर ली। यह हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे मोहन नगर के पास हुआ। युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
ट्रेन के लोको पायलट ने घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। हाइड्रोजन ट्रेन का स्पीड ट्रायल रन दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर दो दिन से सब्जी मंडी, दिल्ली से सोनीपत जंक्शन के बीच किया जा रहा है। दोपहर 12:50 बजे यह ट्रेन दिल्ली सब्जी मंडी के लिए सोनीपत जंक्शन से रवाना हुई थी।
मोहन नगर के पास रेलवे अंडरपास के पास पहुंची तो वहां युवक ने उसके आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। जीआरपी थाने के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि युवक ने कबूतरी रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है। उस पर यूएसपीए लिखा हुआ है। नीले रंग की कैपरी पहनी हुई है। शव को शिनाख्त के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।