खरखौदा। रोहतक मार्ग पर कन्या स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने गांव गोरड़ के किसान को झांसे में लेकर 1.20 लाख रुपये लेकर भाग गए। किसान बलराज ने गत दिनों धान खरखौदा अनाज मंडी में बेचा था। उसी का हिसाब करने के बाद वह 1.26 लाख रुपये आढ़ती से लेकर घर जा रहे थे। बीच रास्ते में दो युवक उन्हें बातों में उलझाकर 1.20 लाख रुपये लेकर भाग गए। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव गोरड़ निवासी बलराज ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को खरखौदा अनाज मंडी गए थे। उन्होंने गत दिनों वहां की मंडी में धान बेचा था। वह हिसाब-किताब करने आए थे। इसके बाद उन्होंने आढ़ती से 1.26 लाख रुपये लेकर छह हजार रुपये एक जेब में और एक लाख 20 हजार दूसरी जेब में रख लिए थे। इसके बाद वह मंडी से घर जाने के लिए बस स्टैंड की तरफ चल पड़े। बलराज ने बताया कि जब वह कन्या महाविद्यालय के पास पहुंचे तो पीछे से एक युवक ने आवाज दी कि पर्ची फाड़ दे। वह कुछ समझ पाते कि दूसरे युवक ने आकर एक पर्ची को फाड़ दिया। किसान का कहना है कि वह उनकी बातें सुनने लगा तो एक युवक ने उनसे कहा कि ताऊ जो रुपये ले रहया है दे दे, वह बुजुर्गों की सेवा करते हैं। यह सुनकर बलराज ने 1.20 लाख रुपये निकालकर उन्हें दे दिए और दोनों युवक नकदी लेकर बाइक पर बैठकर भाग गए। इसके बाद जब बलराज को अहसास हुआ कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई निकालकर युवकों के हवाले कर दी है तो मामले की शिकायत पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।