सोनीपत। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक नामांकन मांगे हैं। इसके तहत बहादुरी, खेलकूद, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान एवं तकनीक पर्यावरण सहित कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चे जनवरी 2025 में राष्ट्रपति की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। आवेदन करने के लिए बच्चे की आयु 31 जुलाई को 5 वर्ष से लेकर 18 वर्ष तक होनी चाहिए। अवाॅर्ड की घोषणा 26 दिसंबर 2024 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि बाल पुरस्कार को दो श्रेणियों नामत: बाल वीरता पुरस्कार व बाल उत्कृष्टता पुरस्कार में विभाजित किया गया है। दोनों श्रेणियों में 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। दोनों ही पुरस्कारों में एक-एक लाख रुपये व पदक सहित प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। बताया कि सर्वप्रथम स्क्रीनिंग कमेटी की ओर से प्राप्त आवेदनों की छंटनी की जाएगी। इसके बाद फाइनल नामों का चयन राष्ट्रीय कमेटी की ओर से किया जाएगा।