सोनीपत। गांव खेवड़ा स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप केंद्र में मंगलवार को योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान सीआरपीएफ के जवानों को योग का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मुख्यातिथि के रूप में हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आर्य ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने में प्रयासरत है। 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर शिक्षा निदेशालय ने 14 हजार स्कूलों में 11 लाख विद्यार्थियों को 5 मिनट योगाभ्यास कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी गांवों में आयुष योग सहायकों के माध्यम से योग जागरण यात्रा निकाली जाएगी।
सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक कोमल सिंह ने कहा कि ग्रुप केंद्र के जवानों के शारीरिक विकास के साथ योग के माध्यम से मानसिक व आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का मौका मिला है। वर्तमान में योग केवल ग्रंथों व किताबों में न रहकर दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। योग का लाभ हमारी सेना तक भी पहुंचे। इसके लिए हरियाणा योग आयोग की तरफ से सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सेना व पुलिस विभाग में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान कमांडेंट प्रमाल सिंह, डिप्टी कमांडेंट सुनील डोबरियाल, वेदपाल, सहायक कमांडेंट अनुराग डांगी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. बलविंद्र सिंह, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी रामप्रकाश हुड्डा, योग विशेषज्ञ संगीता, प्रियंका, रमेश, नीरज भाटिया भी मौजूद रहे।