संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) व विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने संयुक्त रूप से राजकीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के लिए सोमवार को अंडर-13, अंडर-17 व ओपन कैटेगरी की शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया।
शिक्षा विभाग व जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में हिंदू विद्यापीठ में प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से 55 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। प्रतियोगिता में 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ एससीईआरटी के अतिरिक्त निदेशक सुनील बजाज ने किया। उन्होंने कहा कि शतरंज न केवल मानसिक विकास को बढ़ावा देता है बल्कि निर्णय लेने की क्षमता, धैर्य, समय प्रबंधन, रचनात्मकता, एकाग्रता आदि जैसी सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है।
जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने एससीईआरटी की इस पहल का स्वागत किया। डायट की प्राचार्य सुजाता खत्री ने प्रतियोगिता की सभी कैटेगरी के विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
प्राचार्य नरेंद्र कुमार ने बताया कि लड़कों की ओपन कैटेगरी में यशवंत ने प्रथम, साहिल ने द्वितीय, मनीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 मुकाबले में मोहन ने प्रथम, आयुष ने द्वितीय, शुभ ने तृतीय स्थान पाया। अंडर-13 में हितेश ने प्रथम, सावन ने द्वितीय, अमन ने तृतीय स्थान हासिल किया।
लड़कियों के ग्रुप में ओपन कैटेगरी में मुस्कान ने प्रथम, खुशी ने द्वितीय, अंडर-13 मुकाबले में नम्रता ने प्रथम, अनन्या ने द्वितीय, अंडर-17 मुकाबले में अंजली ने प्रथम, तान्या ने द्वितीय व अंतिम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।