सोनीपत। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि यमुना के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का स्वयं दौरा किया। इसके बाद यमुनानगर से पलवल तक यमुना में कटाव रोकने के लिए तटबंध बनवाने के लिए 270 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। इसमें बड़ौली में भी नौ तटबंध स्वीकृत किए गए हैं। जल्द ही निर्माण करने का काम शुरू कराया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला रविवार को गांव बड़ौली पहुंचे। उन्होंने संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव आंबेडकर को नमन कर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने प्रतिमा के साथ रिक्त भूमि पर डिजिटल पुस्तकालय बनाने की भी घोषणा की, इसके लिए उन्होंने ग्राम पंचायत से प्रस्ताव मांगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डाॅ. भीमराव आंबेडकर की देन है कि आज 36 बिरादरी एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण को समर्पित है। देश के विकास के लिए एकता जरूरी है। जब वह पहली बार लोकसभा में गए तब पहली बार संविधान पर चर्चा हुई।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि स्व. देवीलाल की 107वीं जयंती पर 107 पुस्तकालय बनाने का लक्ष्य रखा गया था। आज वह 135 पुस्तकालय बनवा चुके हैं और प्रदेश सरकार की ओर से एक हजार से अधिक पुस्तकालय बनवाए जा रहे हैं। ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए 600 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं गांव में ही उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं
विधायक मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं है। पंचायतों की ओर से जो विकास कार्य की मांग की जाती है उसे पूर्ण किया जाता है। इससे पहले कार्यक्रम संयोजक युवा हलका अध्यक्ष सुनील बड़ौली ने अतिथि का स्वागत किया।
यह रहे मौजूद
इस दौरान जजपा जिलाध्यक्ष राज सिंह दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, चेयरमैन सुमित राणा, जजपा महिला जिलाध्यक्ष रजनी मलिक, राजेंद्र कौशिक, माईराम कौशिक, डाॅ. रामकिशन सरोहा, प्रदीप बड़वासनी, पदम रांगी, अजीत आंतिल, ओमप्रकाश रसोई, जोनी लठवाल, रवि दहिया, राजपाल सेवली, सुरेंद्र मलिक, कृष्ण सरोहा, अमित चोपड़ा आदि मौजूद रहे।