राई। गांव सेवली में महाशिवरात्रि के मौके पर शुक्रवार को इनामी दंगल कराया गया। इसके मुख्यातिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट जसपाल आंतिल रहे। उन्होंने पहलवानों के हाथ मिलवाकर मुकाबले शुरू कराए। पहली कुश्ती 11 हजार रुपये की कराई गई। जिसमें गौरव सेवली व अमित दहिया कुश्ती अकादमी के पहलवान प्रवीन के बीच हुई। यह कुश्ती बराबरी पर छूटी।
इसके बाद 7100 रुपये की दूसरी कुश्ती दीपक राठधना व आर्यन सेरसा के बीच हुई। यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। अंत में तीसरी कुश्ती अमित दहिया कुश्ती अकादमी के पहलवान मोनू व हनुमान अखाड़ा दिल्ली के पहलवान राहुल के बीच हुई। 2100 रुपये की यह कुश्ती भी बराबरी पर छूटी। दंगल में युवाओं के साथ अन्य लोगों को नशे से दूर रहने और हर किसी को जागरूक करने का आह्वान किया गया। जसपाल आंतिल ने कहा कि टीम दीपेंद्र हुड्डा पूरे राई हलका में खेलों को बढ़ावा दे रही है। खिलाड़ियों को टीम दीपेंद्र हुड्डा खेलों का सामान मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि नशा प्रदेश के युवाओं की नस्ल को खराब कर रहा है। नशे के खिलाफ समाज को जागरूक होना पड़ेगा।