सोनीपत। राज्यस्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश भर के पहलवान अपना दम दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता 23 व 24 दिसंबर को सोनीपत के खेवड़ा स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। दिल्ली में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बाद लंबे अंतराल में कोई बड़ी प्रतियोगिता आयोजित करवाई जा रही है। जिसको लेकर पहलवानों में उत्साह बना हुआ है।
हरियाणा अमेच्योर रेस्लिंग एसोसिएशन की तरफ आयोजित करवाई जाने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश से 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के पहलवान भाग लेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहताश नांदल का कहना है कि लंबे समय बाद होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में पहलवान जुटेंगे। कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजक ओलंपियन अमित दहिया होंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारी रविंद्र छिक्कारा ने बताया कि राज्यस्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता से ही राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हरियाणा की टीम का चयन किया जाएगा।
जयपुर में होगी राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता
रविंद्र छिक्कारा ने बताया कि राज्यस्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले पहलवानों का चयन राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 2 से 6 जनवरी 2024 तक राजस्थान के जयपुर में रेलवे की तरफ से आयोजित करवाई जाएगी।