फोटो 53- सीनियर एशियाई चैंपियनशिप के लिए ट्रायल में जीत का जोर लगाते पहलवान। स्रोत : कोच
सोनीपत। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनिशप-2025 में भारतीय कुश्ती दल का चयन करने के लिए ट्रायल आयोजित किए। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी खेल परिसर में आयोजित ट्रायल में देशभर के पहलवान जुटे और अपना दम दिखाते हुए जीत का जोर लगाया। फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन व महिला कुश्ती के ट्रायल के आधार पर भारतीय कुश्ती दल का चयन किया गया है।
सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनिशप का आयोजन 25 से 30 मार्च तक जॉर्डन की राजधानी अम्मान में किया जाएगा। इसके लिए नई दिल्ली में शनिवार को ट्रायल आयोजित किए गए। चयन ट्रायल की देखरेख डब्ल्यूएफआई चयन समिति की तरफ से की गई, जिसमें डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष जय प्रकाश, कोषाध्यक्ष डॉ. एसपी देशवाल, ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त शामिल रहे।
डब्ल्यूएफआई ने ट्रायल में भाग लेने के लिए देशभर के शीर्ष पहलवानों को आमंत्रित किया था, जिससे अत्यधिक प्रतिस्पर्धी और पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित हुई। अमन सहरावत सहित कुछ पहलवान चोटों के कारण भाग लेने में असमर्थ रहे।
फोटो 53- सीनियर एशियाई चैंपियनशिप के लिए ट्रायल में जीत का जोर लगाते पहलवान। स्रोत : कोच