सोनीपत। ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार की गिरफ्तारी के बाद जहां पुलिस की कार्रवाई से पहलवान सागर धनखड़ के परिजन संतुष्टि जता रहे हैं। वहीं सागर के परिजन चाहते हैं कि सुशील के सभी साथियों के नाम को पुलिस उजागर करे और हत्या के सही कारण का पता लगाकर सभी के सामने लेकर आए। सागर के परिजन इस बात को लेकर भी नाराज हैं कि दो राज्यों दिल्ली व हरियाणा से जुड़ा मामला होने के बावजूद अभी तक किसी भी सीएम ने हस्तक्षेप करके न्याय दिलाने का आश्वासन तक नहीं दिया है।
पहलवान सागर धनखड़ का परिवार सोनीपत में मिशन चौक पर रहता है। उसके परिवार में पिता अशोक धनखड़ के अलावा मां सविता धनखड़ व छोटा भाई आकाश है। सागर के पिता अशोक व मां सविता कहते है कि दिल्ली पुलिस घटना के बाद से सुशील व उसके साथियों की तलाश में लगी थी और जिस तरह से पुलिस ने सुशील को पकड़ा है, उस कार्रवाई से वह संतुष्ट है। सागर की मां सविता धनखड़ कहती हैं कि अब पुलिस को सुशील के उन सभी साथियों का पता लगाकर गिरफ्तार करना चाहिए, जिन्होंने सागर को मारा है। उनका आरोप है कि सागर की हत्या में 25 से ज्यादा लोग शामिल थे और उन सभी का जल्द पकड़ा जाना जरूरी है। उनका कहना है कि जिस तरह से फ्लैट के किराये को लेकर विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है, ऐसा कुछ भी नहीं है और सागर ने उनको कभी सुशील से विवाद के बारे में नहीं बताया है। इसलिए पुलिस को जल्द ही सुशील से पूछताछ करके हत्या का सही कारण सभी के सामने लेकर आए। सागर के परिजनों ने इसपर भी नाराजगी जताई है कि देश के लिए मेडल जीतने वाले पहलवान की हत्या हो गई है और दिल्ली व हरियाणा में किसी भी राज्य के सीएम ने न्याय दिलाने के लिए आश्वासन तक नहीं दिया है।