संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। गैस किल्लत के बीच एजेंसियों ने श्रमिकों को हो रही परेशानी से बचाने के लिए उन्हें राहत देने का काम किया है। मंगलवार से श्रमिक पांच किलो का गैस सिलिंडर एजेंसी से ही ले सकेंगे। आधार कार्ड की कॉपी देकर श्रमिक सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं।
एलपीजी की किल्लत के बीच लगातार श्रमिक वर्ग को ब्लैक में तीन से चार सौ रुपये प्रति किलो में गैस खरीदनी पड़ रही है। इससे उनका लगातार आर्थिक शोषण हो रहा था। ऐसे में अब श्रमिकों को पांच किलो का गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
खरखौदा की सूरज गैस एजेंसी पर 1500 रुपये देकर पांच किलो का गैस सिलिंडर प्राप्त किया जा सकेगा। इसमें 116 रुपये 60 पैसे प्रति किलो गैस मिलेगी। इसके अलावा 1500 रुपये में से सिलिंडर की सिक्योरिटी रहेगी। यह गैस सिलिंडर नीले रंग का होगा।
एजेंसी संचालक तेज सिंह का कहना है कि मंगलवार से उनके पास पांच किलो के गैस सिलिंडर उपलब्ध हो जाएंगे। श्रमिक आकर सिलिंडर ले सकते हैं।