सोनीपत। मॉडल टाउन स्थित राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पांच नए कमरे बनाए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग की तरफ से 19 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। बजट जारी होने के साथ ही कंडम घोषित किए गए पुराने कमरों को ताेड़ने का काम भी शुरू कर दिया गया है। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं।
माॅडल टाउन स्थित राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में काफी पुराने हो चुके कमरों की छत से अक्सर मलबा गिर जाता था। इसे देखते हुए इन कमरों को कंडम घोषित किया गया था। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए इन कमरों को पहले ही बंद कर दिया था। इन कमरों के स्थान पर नए कमरे बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर विभाग से बजट की मांग की गई थी। इसे मंजूर करते हुए विभाग ने बजट जारी कर दिया है। बजट जारी होने के साथ ही कंडम घाेषित किए गए कमरों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कमरों को तोड़ने का कार्य अंतिम चरण में है। यह कार्य पूरा होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
दोहरी मंजिल के अनुसार किया जाएगा निर्माण
अधिकारियों का कहना है कि नए कमरों का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा। नए कमरों का निर्माण इस आधार पर किया जाएगा, इससे भविष्य में अगर उनके ऊपरी दूसरी मंजिल बनानी पड़े तो ज्यादा परेशानी ना आए। इसके लिए कमरों की बुनियाद को मजबूत बनाया जाएगा।
मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में असुरक्षित कमरों को तोड़ने का कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद नए कमरों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
- जितेंद्र छिक्कारा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत