राई। नेशनल हाईवे-44 स्थित बहालगढ़ फ्लाईओवर पर कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई और उनके देवर घायल हो गए। हादसे में महिला की बेटी बाल-बाल बच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
करनाल के गांव बीबीपुर निवासी राजेश ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी भाभी शकुंतला व आठ वर्षीय भतीजी सोनिया के साथ 27 जून को बाइक पर सवार होकर करनाल की तरफ जा रहे थे। जब वह बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो पीछे से एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह बेसुध हो गए। होश आया तो वह पीजीआई रोहतक में थे। तब उन्हें पता लगा कि राहगीरों ने उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया था। जहां से उन्हें व उनकी भाभी को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था। बाद में पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान उनकी भाभी की मौत हो गई। हादसे में उनकी भतीजी बाल-बाल बच गई। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले में राजेश के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।