हरियाणा के सोनीपत के राई क्षेत्र गांव रसोई में बेटे के साथ पैदल जा रही महिला को ट्रक ने कुचल दिया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक महिला के बेटे के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव प्रीतमपुरा निवासी कुलदीप ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां बबीता (42) के साथ गांव रसोई से पैदल ही अपने घर जा रहे थे। जब वह रसोई ढाबे के पास पहुंचे तो पानीपत की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी आंखों के सामने उसकी मां को टक्कर मार दी। चालक उसकी मां को कुचलते हुए चला गया।
यह भी पढ़ें : Haryana: यमुनानगर के PVC व्यापारी से 50 लाख रंगदारी मांगने वाला बदमाश चढ़ा STF के हत्थे
वह अपनी मां को संभालने लगे तो उन्होंने दम तोड़ दिया। ट्रक चालक को पकड़कर नाम पूछा तो उसने सतपाल बताया। इसी बीच चालक मौके से भाग गया। कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।