गांव सांदल खुर्द में जहर खाने से महिला की मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के पिता के बयान पर उसके पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से पानीपत के गांव आटा जुरासी फिलहाल दिल्ली के नजफगढ़ निवासी रामनिवास ने बड़ी थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रियंका (23) की शादी सांदल खुर्द निवासी दीपक के साथ हुई थी। उनका एक दो वर्ष का बेटा भी है। 19 अक्तूबर को उन्हें पता लगा कि उनकी बेटी की तबियत खराब हो गई है और उसे सोनीपत के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना पर जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी बेटी की जहर खाने से मौत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रियंका का पति दीपक, सास, ससुर, देवर व ननद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। अब बेटी को जहर खिला दिया गया है। बड़ी थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया। मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।