सोनीपत। ड्रेन नंबर 6 के मैनहोल में गिरने से हुई बालक की मौत के मामले में निगमायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। उन्होंने कमेटी को 9 अगस्त तक अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है। इससे दोषी पर जल्द कार्रवाई की जा सकेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जा सकेगा।
आदर्श नगर निवासी विवेक (11) 30 जुलाई को अपने छोटे भाई पवन व पड़ोस का रहने वाले बच्चे के साथ खाने का सामान लाने के लिए घर से गए थे। वापस लौटते समय वह ड्रेन नंबर छह पर बने मैनहोल में गिरने से उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। उस समय निगमायुक्त ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब निगमायुक्त ने हादसे की गंभीर जांच पड़ताल के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इसमें नगर निगम के अधीक्षण अभियंता विजय ढाका, कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग, निगम पार्षद सुरेंद्र मदान, वैपकोस कंपनी के इंजीनियर शैलेंद्र को शामिल किया है।
कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग ने बताया कि जांच के दौरान निगम अधिकारियों, ठेकेदार व पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही घटनास्थल पर गहनता से जांच की जाएगी। निगमायुक्त ने जांच रिपोर्ट 9 अगस्त तक मांगी है। उसके बाद मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ निगमायुक्त की तरफ से अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।