सोनीपत। युवक को उधार दिए रुपये मांगना महंगा पड़ गया। आरोपी ने रुपये वापस देने के बजाय अपने साथियों संग मिलकर युवक व उनके भाई पर हमला कर दिया। गढ़ी ब्राह्मणान में पार्क के सामने उनके सिर पर ईंट मारने के साथ ही डंडे से पीटा गया। दोनों भाइयों को अस्पताल में उपचार दिलाया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विशाल नगर निवासी कृष्ण ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने विकास उर्फ कालू को 30 हजार रुपये उधार दिए थे। उन्होंने 22 मार्च का विकास से अपने रुपये वापस देने को कहा था। इस पर उसने एक-दो दिन में रुपये देने को कहा था। कृष्ण ने बताया कि रात नौ बजे वह अपने भाई अमित के साथ गांव गढ़ी ब्राह्मणान में अपनी बुआ के घर अपने घर आ रहे थे। जब वह गढ़ी ब्राह्मणान में पार्क के सामने पहुंचे तो अचानक पीछे से आकर विकास उर्फ कालू, राहुल उर्फ ताऊ और राहुल उर्फ डाला तथा तीन अन्य युवक आ गए। उन्होंने रास्ते में अपनी बाइक व स्कूटी खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया। उसके बाद उन्होंने डंडे से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने उनके व उनके भाई के सिर में ईंट मार दी। इससे वह घायल हो गए। वह उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। जिस पर पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की में जांच कर रही है।