सोनीपत। पहाड़ी क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बीच हवा चलने से जिले में भी न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक की कमी दर्ज की है। सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री से अधिक की गिरावट आई है। जिससे लोगों को सुबह-शाम ठंड का अहसास हुआ।
पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बर्फबारी हो रही है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी हवा भी मैदानी क्षेत्र में चल रही हैं। इसके चलते वीरवार को न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। एक दिन पहले जिले का अधिकतम तापमान 27.1 और न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन भर नौ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलती रही। तापमान में गिरावट आने के साथ ही जिले की आब ओ हवा में भी सुधार हुआ है। जिले में एक्यूआई का स्तर 100 से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिसंबर माह के दूसरे पखवाड़े में तापमान 20 डिग्री से नीचे आ जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान भी कम रहेगा।
गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है ठंड बढ़ना
वातावरण में ठंड बढ़ना गेहूं की फसल के लिए काफी फायदेमंद है। ठंड बढ़ने से गेहूं की बढ़वार बेहतर हो सकेगी। इससे उत्पादन भी अच्छा रहेगा। अब तक गेहूं की फसल के अनुसार ठंड नहीं हो पाई थी। अब अगले सप्ताह ठंड में और इजाफा हो सकता है।
अब लोगों को होने लगा ठंड का अहसास
तापमान कम होने से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। साथ ही प्रदूषण का स्तर कम होने से लोग सुबह की सैर को निकलने लगे है। सुबह पार्कों में लोगों की भीड़ जुटने लगी है। यह मौसम सेहत के लिए भी काफी बेहतर है।
-
पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। मैदानी क्षेत्रों में हवा चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। आने वाले समय में तापमान में और कमी आएगी। हवा की गति तेज होने से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
- डॉ. प्रेमदीप, मौसम विज्ञानी, केवीके सोनीपत