गोहाना। गांव गढ़ी उजाले खां की नई बस्ती में दुकानदार की पिटाई करने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने हमलावरों पर जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव गढ़ी उजाले खां निवासी कृष्ण ने बताया कि उसने किराना की दुकान कर रखी है। गौरव शराब पीकर उसकी दुकान पर आया और सिगरेट खरीदी। उसने इसके लिए पैसे मांगे तो गौरव ने पैसे देने से मना किया और गालियां देते हुए जातिसूचक शब्द कहे। उसके बाद लाठी लेकर काउंटर पर रखा सामान तोड़ दिया। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी और मोबाइल भी तोड़ दिया। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। दुकानदार की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।