सोनीपत के गांव भावड़ में पटरी टूटने के बाद खेतों में बहता पानी। संवाद
गोहाना। जिला जींद से लगते गांव भावड़ में रविवार को साढ़े 11 बजे सुंदर ब्रांच नहर की 50 फीट पटरी टूटने से करीब 500 एकड़ फसल जलमग्न हो गई। नहर का पानी सड़क के ऊपर से बहकर गांव तक पहुंच गया। नहर टूटने की सूचना के बाद अधिकारियों ने नहर का पानी जींद के अंटा हेड से बंद करवाया, लेकिन तब तक गांव व आस-पास के खेत जलमग्न हो गए थे। खेतों में बने दर्जन भर कमरे भी पानी में डूब गए। नहर टूटने की सूचना मिलते ही ग्रामीण व किसान मौके पर पहुंचे, लेकिन वह टूटे किनारे को बंद करने का काम शुरू नहीं कर पाए। मौके पर कार्यकारी अभियंता पुनीत अपनी टीम के साथ पहुंचे। लेकिन अंटा हेड से पानी बंद करवाने के बाद भी शाम तक पानी बहता रहा। बरोदा हलका के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल मौके पर पहुंचे और सरकार से मांग की है कि प्रभावित फसलों की गिरदावरी करवाकर किसानों को 80 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए। किसानों के अनुसार पटरी कमजोर होने के चलते नहर टूटी है। वहीं सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता पुनीत साहनी ने बताया कि नहर की पटरी की मरम्मत करवा दी जाएगी।