गोहाना। गांव भंडेरी में बुआ के घर रहने वाले युवक ने गांव की युवती से प्रेम विवाह किया तो कुछ युवकों ने उसकी बुआ और फुफेरे भाई पर हमला कर दिया। हमले में मां-बेटे के पैरों में फ्रैक्चर आ गया। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। झगड़े में आरोपी पक्ष के एक युवक को भी चोट आई है। पुलिस ने युवक के बयान पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव भंडेरी निवासी सुमित ने बताया कि वह निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं। उनके पास गांव के योगी की कॉल आई थी। उसने उन्हें गांव के बस अड्डे पर बुलाया था। वह वहां गए तो उनकी मां कांता भी पीछे से आ गई। बस अड्डे पर योगी, सन्नी, सुमित समेत कई युवक मिले। उन्होंने उन पर चाकू और रॉड से हमला कर दिया। दोनों के पैरों में फ्रैक्चर हो गए। सुमित का कहना है कि उनका ममेरा भाई रोहतक में गांव खरक जाटान निवासी विनय पहले गांव में ही रहता था। उसने उनके गांव की युवती के साथ 20 फरवरी को कोर्ट में शादी की थी। प्रेम विवाह के चलते आरोपी उनके परिवार से रंजिश रखते हैं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। मारपीट में दूसरे पक्ष से जोगेंद्र को भी चोटें आई हैं। घायलों को नागरिक अस्पताल से मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
युवक-युवती ने ली थी सुरक्षा
एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि युवती को लेकर गए युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में युवक-युवती ने शादी कर कागजात दिखाए थे, जिस पर मुकदमा रद्द हो गया था। वहीं युवक-युवती ने पुलिस सुरक्षा भी ली थी। अब प्रेम विवाह करने वाले युवक के फुफेरे भाई व बुआ पर हमला किए जाने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।