सोनीपत के गोहाना में नई अनाज मंडी के शेड के नीचे रखे बैग। संवाद
सोनीपत/गोहाना। अनाज मंडियों में आढ़तियों ने बारदाने की कमी से इंकार किया है। श्रमिकों की वजह से गेहूं की उठान में धीमा हो रहा है। गोहाना जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में अब तक करीब पांच लाख क्विंटल गेहूं की फसल की आवक हो चुकी है। इसमें में तीन लाख क्विंटल से अधिक गेहूं की फसल की खरीद हो चुकी है और महज 75 हजार क्विंटल गेहूं का उठान हो पाया है। मंडी में शेड के नीचे खरीदा गया गेहूं रखा हुआ है। वहीं बूंदाबांदी की वजह से गेहूं में हुई नमी के चलते करीब 1.5 लाख क्विंटल गेहूं की फसल की खरीद नहीं हुई है। खरखौदा मंडी में भी गेहूं की खरीद नहीं हो सकी।
गोहाना की नई अनाज मंडी में सोमवार को 60 हजार क्विंटल गेहूं की फसल की आवक हुई, लेकिन फसल में नमी होने के चलते खरीद नहीं हो पाई है। वहीं एजेंसी ने फसल में नमी होने के चलते फसल का उठान नहीं किया है। मंडी सचिव जितेंद्र कुमार का कहना है कि एजेंसियों को फसल की खरीद करने के बाद फसल का उठान साथ करने के निर्देश दिए हैं। यदि एजेंसी लापरवाही करती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोनीपत अनाज मंडी में सरकारी खरीद एजेंसियों की ओर से 20 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। वहीं खरखौदा मंडी में गेहूं की खरीद नहीं हुई। अब तक मंडी से 50 हजार क्विंटल गेहूं का उठान किया जा चुका है। गन्नौर मंडी, पुगथला, सनपेड़ा, दातौली व पुरखास खरीद केंद्र पर अब तक 187976 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। अधिकारियों ने किसानों से अपील करते हुए कि वह फसल को सुखाकर मंडी में लेकर आए ताकि फसल की खरीद की जा सके और जल्द उठान कराया जा सके। इससे किसानों व एजेंसियों को फायदा होगा।