गोहाना। गांव भंडेरी के होनहार खिलाड़ी अंकुश शर्मा ने अपनी लगन और मेहनत से क्षेत्र का मान बढ़ाया है। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की तरफ से आयोजित 14वीं सब-जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अंकुश ने भाला फेंक में रजत पदक हासिल किया है।
प्रतियोगिता 31 अगस्त को संपन्न हुई थी। शुक्रवार को जब अंकुश गांव लौटे तो ग्रामीणों ने उनका गांव के शिव मंदिर परिसर में स्वागत और सम्मान किया। प्रतियोगिता में अंकुश ने 30.6 मीटर भाला फेंका था। इस अवसर पर कोच बिजेंद्र दहिया और दीपक को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में पहुंचे खरखौदा विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि अंकुश की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों ने साबित किया है कि संकल्प और हौसला मजबूत हो तो कोई बाधा मंजिल पाने से नहीं रोक सकती।
भाजपा के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने भी अंकुश को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम का आयोजन राजेश शर्मा उर्फ राजू, जितेंद्र उर्फ काला ने किया था।
इस मौके पर भाजपा नेता इंद्रजीत विरमानी, प्रदीप सांगवान, डब्ल्यूएफआई के चेयरमैन देवेंद्र शर्मा, ओलंपियन योगेश्वर दत्त, पवन अहलावत, सरपंच प्रदीप, पवन शर्मा, प्रो. शमशेर भंडेरी, तकदीर नरवाल, सुभाष कोच, ओम, भानू प्रकाश, श्यामलाल वशिष्ठ, राकेश पहलवान, बिजेंद्र पूनिया, सतीश उरलाना मौजूद रहे।