सोनीपत। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के पुरुष और महिला नेटबाल टीमों ने बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते। विजेता टीमों का रविवार को सोनीपत रेलवे जंक्शन पहुंचने पर लोगों ने ढोल बजाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को नोटों व फूलों की माला पहनाकर राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करने पर बधाई दी गई। पुरुष टीम के कप्तान यशस्वी ने कहा कि यह पहला मौका है कि राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा की दो टीमों ने एक साथ एक दिन में दो स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने अपने प्रशिक्षकों के अलावा अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल करने की बात कही।
अहमदाबाद में दोनों टीमों के मुकाबले 26 से 30 सितंबर के बीच हुई। फाइनल मुकाबले में हरियाणा की महिला नेटबाल टीम ने पंजाब की टीम को करीबी मुकाबले में 75-73 के अंक से हराया और हरियाणा की पुरुष नेटबाल टीम ने तेलंगाना को 53-48 के अंक से हराकर खिताब जीता। महिला नेटबाल टीम की कप्तान सोनम ने बताया कि उन्होंने एक अगस्त से 23 सितंबर तक गांव सिसाना में लगे कैंप में कड़ा परिश्रम किया। हरियाणा नेटबाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों की देखरेख में लगे शिविर में खेल की नई तकनीकों की जानकारी ली। जिसकी बदौलत हरियाणा की दोनों टीमें फाइनल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रही। उनका प्रयास है कि यह टीमें भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करके हरियाणा का नाम रोशन करें। उन्होंने अपनी इस कामयाबी का श्रेय सरकार की खेल नीति व प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
दोनों टीमों में सिसाना गांव के पांच खिलाड़ी रहे शामिल
हरियाणा की महिला नेटबाल टीम में गांव सिसाना की बहु संजू दहिया भी शामिल रहीं। वह पहले भी अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीन बार और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वहीं पुरुष टीम के कप्तान भी गांव सिसाना के यशस्वी रहे। इसके अलावा टीम में हितेश, विकास व आदित्य ने भी अहम भूमिका निभाई। वहीं महिला टीम में गांव गढ़ी बिंधरौली निवासी बबिता, खुशी और शबनम शामिल रहीं। पुरुष टीम में सोनीपत के विकास शामिल रहे। स्वागत के दौरान द्रोणाचार्य अवार्डी सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह, एडवोकेट विकास दहिया, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक अजय दहिया के अलावा टीम मैनेजर महावीर शर्मा, मुख्य कोच हिमांशु देशवाल भी शामिल रहे।