फोटो 33- सोनीपत स्टेशन पर ट्रेन में सवार होते यात्री। संवाद
सोनीपत। नवरात्र से शुरू होने वाले त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने धनबाद जंक्शन से जम्मूतवी तक साप्ताहिक त्योहार एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। विभिन्न प्रदेश व जिलों में अपने घरों से दूर काम कर रहे लोग दशहरा, दिवाली, भैया दूज व छठ पूजा मनाने के लिए अपने घर लौटेंगे। ट्रेन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।
साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन का 2 अक्तूबर से संचालन शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन करीब दो माह में 18 फेरे लगाएगी। धनबाद से हर मंगलवार व जम्मूतवी से प्रत्येक बुधवार स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। इससे दिल्ली-अंबाला रूट के यात्रियों को फायदा मिलेगा। धनबाद जंक्शन से जम्मूतवी जंक्शन तक सप्ताह में एक-एक फेरा लगाने वाली (ट्रेन संख्या 03309) 1 अक्तूबर से 26 नवंबर और (ट्रेन संख्या 03310) का 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक परिचालन किया जाएगा।
स्पेशल ट्रेन धनबाद जंक्शन से सुबह 10:10 बजे तो जम्मूतवी से रात 11:25 बजे अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी। बीच मार्ग में सोनीपत स्टेशन दोनों ट्रेन का दो मिनट का ठहराव रहेगा। ट्रेन संख्या 03309 रात 10:08 बजे, वापसी में 03310 सुबह 9:45 बजे सोनीपत स्टेशन पर पहुंचेगी। एसी 3 टायर श्रेणी के डिब्बों वाली ट्रेन का मार्ग में 22 स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।
रेलवे ने त्योहारी सीजन के चलते ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए साप्ताहिक त्योहार एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का धनबाद जंक्शन से जम्मूतवी तक संचालन किया जाएगा। वापसी में यही ट्रेन जम्मूतवी से धनबाद जंक्शन के लिए चलाई जाएगी। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है।
-हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे