फोटो 12. सोनीपत के नागरिक अस्पताल में बीमार बच्चे का स्वास्थ्य जांच के बाद ओपीडी पर्ची पर दवा
सोनीपत। बारिश के मौसम में नौनिहाल के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। वायरल बुखार, पेट दर्द खराब हो रहा है। जिला नागरिक अस्पताल समेत सभी निजी अस्पतालों में वायरल बुखार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ती जा रही है।
बाल रोग विशेषज्ञ बच्चों को बीमार होने से बचाव के लिए उनके अभिभावकों को एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में पीडियाट्रिक वार्ड में सभी 16 बेड फुल हो चुके हैं।
मानसून में सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, खांसी, चर्म और वायरल संक्रमण होना आम है। मानसून के दौरान पानी से होने वाली बीमारियों से बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में बीमार बच्चों की ओपीडी 250 से ज्यादा हो रही है।
ओपीडी में तैनात तीन बाल रोग विशेषज्ञ बीमार बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। जिला अस्पताल के बाल रोग वार्ड में भर्ती बच्चों का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक डॉ. विशाल सैनी का कहना है कि मानसून के दौरान वायरल संक्रमण बच्चों में सबसे ज्यादा फैलता है। बच्चों के स्वास्थ्य का ज्यादा ध्यान रखना जरूरी है।