पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के ड्रीम प्रोजेक्ट सीएम विंडो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के सीएम ने तो सिर्फ विंडो ही खोली है, जबकि हमने तो पूरा दरवाजा खोला हुआ था। पूर्व सीएम ने कहा कि हमने प्रदेश को निरंतर विकास के पथ पर दौड़ाए रखा।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा खरखौदा के मठिंडू गांव स्थित गुरुकुल के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे थे। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में हरियाणा को भाजपा सरकार बदहाल बताती है और गुजरात में जाकर हरियाणा के नंबर वन होने का दावा सही करती है। क्योंकि हरियाणा को हमने 14वें स्थान से प्रथम स्थान पर लाकर खड़ा किया है।
अर्थव्यवस्था का नहीं है ज्ञान
भाजपा सरकार द्वारा अर्थव्यवस्था को घाटे में बताने पर भी पूर्व सीएम ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। हुड्डा ने कहा कि जो लोग कह रहे हैं कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था घाटे में हैं, उन्हें अर्थव्यवस्था का ज्ञान ही नहीं है। अगर अर्थव्यवस्था घाटे में होती तो कहीं भी विकास नहीं होता।
हमने बदली हरियाणा की तस्वीर
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमने हरियाणा की तस्वीर बदली थी। ये जनता भी जानती है कि आज के समय का हरियाणा उन्हें 20 सालों बाद भी नहीं मिल पाता, अगर हम काम न करते। हुड्डा ने कहा कि भाजपा के शासन को जनता देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।