सोनीपत के एक गांव में मतदान के लिए युवा मतदाता को आमंत्रण पत्र देती बीएलओ। स्रोत: सूचना विभाग
सोनीपत। लोकसभा चुनाव में 25 मई को मतदान करने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की ओर से मतदाताओं को घर-घर जाकर वोटर स्लिप, मतदाता गाइड व आमंत्रण पत्र दिया जा रहा है। इस बारे सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव का पर्व-देश का गर्व के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा कार्यालय की ओर से अनूठी पहल की गई है, जिसमें निमंत्रण पत्र तैयार किया है। इस निमंत्रण पत्र में स्लोग्न है - भेज रहे हैं निमंत्रण, मतदाता तुम्हें बुलाने को, 25 को भूल न जाना वोट डालने आने को। उन्होंने बताया कि बीएलओ वोटर स्लिप के साथ उक्त निमंत्रण पत्र भी परिवार को भेज रहे हैं। निमंत्रण पत्र के पिछली ओर किस प्रकार मतदान करना है, वह पूरी प्रक्रिया अंकित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया में पांच चरण होते हैं। पहले मतदान के लिए लाइन में खड़ा होना है, उसके बाद मतदान अधिकारी मतदान सूची में मतदाता के नाम और उसके पहचान के दस्तावेज की जानकारी लेगा। तीसरे चरण में मतदान अधिकारी अंगुली पर नीली स्याही लगाएगा। चौथे चरण में मतदान अधिकारी पर्ची लेगा और अंगुली पर स्याही लगे होने की पुष्टि करेगा। उसके बाद मतदाता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर जाकर अपने प्रत्याशी को वोट करेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वह 25 मई को अपने बूथ पर पहुंचकर अपने मत का प्रयोग कर देश के लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।