फोटो 09: सोनीपत के सेक्टर-23 से पानी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते मेयर राजीव जैन,
सोनीपत। गर्मी की वजह से बिजली के फाल्ट या बूस्टिंग स्टेशनों की मोटरों में खराबी आने पर पानी आपूर्ति निर्बाध होती रहे, इसके लिए नगर निगम टैंकरों से पेयजल की सप्लाई करेगा। सेक्टर-23 स्थित दमकल कार्यालय से मेयर राजीव जैन व निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने पानी के टैंकरों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
मेयर ने बताया कि गर्मी में अक्सर पेयजल की आपूर्ति कई कारणों से बाधित हो जाती है इसलिए निगम ने टैंकर तीन माह के लिए किराये पर लिए गए हैं। टैंकर मंगाने के लिए नागरिक नगर निगम के 9416047000, 8814870048 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बूस्टिंग स्टेशनों की गर्मी से पहले व्यवस्था दुरुस्त की गई है। रेनीवाल की संख्या बढ़ाने का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है।
धूल शमन छिड़काव वाहन हुए शुरू
मेयर एवं निगम आयुक्त ने निगम क्षेत्र में धूल भरे वातावरण एवं सड़कों पर मिट्टी न उड़े इसके लिए दो ट्रैक्टर वाहनों को भी झंडी दिखाई। निगम आयुक्त ने बताया कि सड़कों पर धूल न हो इसके लिए रोड स्वीपिंग मशीन भी लगाई गई है, लेकिन कई बार सड़कों पर छिड़काव भी जरूरी हो जाता है।
उन्होंने बताया कि एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) पाबंदी लागू होने पर पानी के छिड़काव की आवश्यकता ज्यादा पड़ती है। इस दौरान कार्यकारी अभियंता पदम भूषण, सहायक अभियंता देवेंद्र खासा, अनिल ढुल, बिजेंद्र लाकड़ा भी मौजूद रहे।